मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के मौके पर उनके पैतृक गांव नदावां में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 200 घोड़े पहुंचे थे। मुकाबले को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि गांव में हजारों की संख्या में दर्शक जुट गए। विजेता के लिए महिंद्रा थार कार इनाम में रखी गई थी, जिसने लोगों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया।

प्रतियोगिता को क्वालीफाइंग राउंड, सेमीफाइनल और फाइनल के तीन चरणों में कराने की योजना थी। शुरुआती मुकाबले होने के बाद जैसे ही फाइनल का समय नजदीक आया, मैदान में भीड़ इतनी बढ़ गई कि घोड़ों की दौड़ के लिए जरूरी जगह कम पड़ने लगी। आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे। ऐसे में मुकाबला कराना जोखिम भरा हो सकता था और आयोजकों के सामने भीड़ को संभालने की चुनौती खड़ी हो गई।

स्थिति को देखते हुए अनंत सिंह खुद मैदान में पहुंचे और उन्होंने माइक संभालकर फाइनल मुकाबला स्थगित करने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि अत्यधिक भीड़ के कारण फिलहाल घुड़दौड़ का आयोजन नहीं कराया जा सकता और यह मुकाबला अब कल हो सकता है। उन्होंने लोगों से आराम से मैदान में घूमने और व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।

आयोजकों के मुताबिक, फाइनल मुकाबला रद नहीं किया गया है, बल्कि बाद में कराया जाएगा। विजेता को मिलने वाली महिंद्रा थार अब भी प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण बनी हुई है। प्रतियोगिता से पहले दो दिन तक हुई बारिश से पंडाल और घुड़दौड़ ट्रैक की तैयारियां प्रभावित हुई थीं, लेकिन आयोजकों ने बालू डालकर और जरूरी इंतजाम कर ट्रैक को दोबारा तैयार कराया था। अब घुड़सवारों और दर्शकों की निगाहें फाइनल की अगली तारीख पर टिकी हैं।