वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल का कहना है कि भारत तेल और गैस क्षेत्र में कुछ बड़ा करने की दहलीज पर खड़ा है। उन्होंने भारत की मौजूदा स्थिति की तुलना गुयाना से की है, जिसने करीब दस साल पहले इस क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं दिखाई थीं। अग्रवाल के मुताबिक, भारत के पास दुनिया के स्तर का पॉलिसी इकोसिस्टम है और अब सरकार को मंजूरी देने की मौजूदा प्रक्रिया से आगे बढ़कर सेल्फ-सर्टिफिकेशन की व्यवस्था की तरफ बढ़ना चाहिए। इससे कारोबार करना आसान होगा और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
वेदांता की ऑयल एंड गैस कंपनी, जो देश की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की उत्पादक है, अपना उत्पादन बढ़ाने के लिए 5 अरब डॉलर यानी करीब 45 हजार करोड़ रुपए के निवेश की प्रतिबद्धता जता रही है। कंपनी का लक्ष्य रोजाना उत्पादन को मौजूदा 3 लाख बैरल से बढ़ाकर 5 लाख बैरल तक पहुंचाना है। इसके साथ ही कंपनी गहरे समुद्र में तेल और गैस की खोज के लिए 'समुद्र मंथन' कार्यक्रम में भी कदम रख चुकी है।
हालांकि, अनिल अग्रवाल ने एक अहम चिंता भी जताई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कंपनी का एक चालू फील्ड ONGC को सौंप दिया गया है। इससे वैश्विक निवेशकों के बीच गलत संदेश जा सकता है और निवेशकों का भरोसा प्रभावित होने का खतरा है। अग्रवाल के मुताबिक, ग्लोबल निवेशकों में भारत के तेल और गैस सेक्टर को लेकर काफी उत्साह है। ऐसे समय में नीतियों में स्थिरता बनाए रखना और मौजूदा ऑपरेटरों के काम में दखल देने से बचना जरूरी है।
उन्होंने घरेलू तेल और गैस उत्पादन बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे भारत को आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
