भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में आरा-छपरा हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, हादसा तब हुआ जब गंगा स्नान कर लौट रही महिलाओं से भरा ऑटो जमालपुर ग्रामीण बैंक के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
मृतका की पहचान करजा, फरहंगपुर (चांदी थाना क्षेत्र) निवासी बुजान देवी, पति राम भगवान चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद सभी घायल महिलाओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कोईलवर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सभी महिलाएं गंगा स्नान के बाद बबुरा से ऑटो पर सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बैंक के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक में ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। मामले की जांच की जा रही है।
