अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड में भारत-नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र में बालू और मिट्टी के कथित अवैध खनन और ढुलाई का मामला लगातार सुर्खियों में है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हैया नदी से बालू और मिट्टी निकालकर दिन हो या रात, दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए बसमतिया और आसपास के इलाकों में पहुंचाई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक इस बालू और मिट्टी का इस्तेमाल विभिन्न निर्माण कार्यों और सड़क निर्माण में भी किया जा रहा है। यह कारोबार कथित तौर पर लंबे समय से जारी है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कुछ ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर मिलीभगत की आशंका भी जताई है।

ग्रामीणों का कहना है कि बालू और मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली क्षेत्र की सड़कों पर बेहद तेज रफ्तार से चलती हैं। इससे पैदल राहगीरों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खासकर व्यस्त सड़कों और बाजार क्षेत्रों से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अगर समय रहते इन वाहनों की रफ्तार और परिचालन पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। लोगों की मांग है कि हैया नदी में हो रहे कथित अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और बालू व मिट्टी की ढुलाई में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली के कागजात तथा खनन से संबंधित वैध दस्तावेजों की गहन जांच हो। ग्रामीणों ने कहा कि जांच में खनन नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब तक संज्ञान लेता है।