मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 की शुरुआत गुरुवार, 19 नवंबर से हो चुकी है। 50 ओवर के इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं और सभी मैच दोहा में खेले जा रहे हैं। इंडिया ए की कमान तिलक वर्मा के हाथ में है। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला शुक्रवार, 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ खेलेगी।

टूर्नामेंट में भारत के अलावा पाकिस्तान ए, श्रीलंका ए, बांग्लादेश ए, अफगानिस्तान ए, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात और हांगकांग, चीन की टीमें शामिल हैं। 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग, चीन हैं, जबकि ग्रुप-बी में भारत, पाकिस्तान, नेपाल और यूएई हैं। ग्रुप स्टेज में कुल 12 मुकाबले होंगे और दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।

भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 22 नवंबर को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में अपना तीसरा मुकाबला 24 नवंबर को सुबह 11:30 बजे यूएई के खिलाफ खेलेगी। पहला सेमीफाइनल 26 नवंबर, दूसरा सेमीफाइनल 27 नवंबर और फाइनल 29 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। तिलक वर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम की नजर खिताब जीतने पर होगी।