गेमिंग कंपनी रॉकस्टार ने करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI' यानी 'GTA VI' लॉन्च कर दिया है। इस गेम को लेकर गेमिंग कम्युनिटी में भारी उत्साह है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर GTA VI से जुड़ा एक पोस्ट कर सबको चौंका दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में GTA V से GTA VI तक पहुंचने के बीच भारत में हुई तरक्की की झलकियां दिखाईं। उन्होंने बताया कि कैसे बीते 13 सालों में उनकी सरकार के नेतृत्व में भारत ने अलग-अलग मोर्चों पर विकास के नए आयाम छुए। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "भारत एक नया ही गेम खेल रहा है।"
पीएम मोदी ने पोस्ट के साथ दस स्लाइड्स साझा कीं। इनके जरिए उन्होंने दिखाया कि कैसे भारत ने बीते 13 सालों में गरीबी और नक्सलवाद जैसी समस्याओं को दूर करने में कामयाबी पाई। एक तस्वीर में बताया गया कि पहले भारत में गरीबी चरम पर थी और अब वह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है। इसके अलावा स्वच्छता मिशन पूरा होने, देश की सौर ऊर्जा क्षमता में विस्तार, स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप बूम और डिफेंस एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया गया। पोस्ट में बताया गया कि 13 साल पहले भारत के 182 जिले नक्सल प्रभावित थे, जबकि अब यह आंकड़ा शून्य तक पहुंचा दिया गया है।
इससे पहले बुधवार का दिन दुनिया भर के गेमर्स के लिए बेहद खुशी से भरा रहा, जब उन्हें बहुप्रतीक्षित वीडियो गेम GTA VI की पहली झलक मिली। यह गेम अपने शानदार ग्राफिक्स के लिए मशहूर है। यह सीरीज खिलाड़ियों को एक काल्पनिक अमेरिकी शहर में गैंगस्टर जैसी जिंदगी जीने का मौका देती है, जहां अपराधियों और ठगों की भरमार है और खिलाड़ियों को उनसे लड़कर गेम में आगे बढ़ना होता है। रिलीज होते ही गेम को लेकर खिलाड़ियों और समीक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। रिव्यू एग्रीगेटर 'मेटाक्रिटिक' ने गेम को 100 में से 99 अंक दिए हैं। एनालिटिक्स फर्म ओम्डिया का अनुमान है कि GTA VI साल के अंत तक स्टूडियो रॉकस्टार गेम्स और उसकी मूल कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव के लिए 3.2 बिलियन डॉलर की बिक्री कर सकता है।
रॉकस्टार को इस गेम को लाने में आठ साल से अधिक समय लग गया। 2022 में हुए एक हैक और पिछले साल हुए लीक के कारण स्टूडियो को दो बार इसका लॉन्च टालना पड़ा। इसके अलावा इस सीरीज पर लंबे समय से हिंसा और अपराध का महिमंडन करने के आरोप भी लगते रहे हैं।
