प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश आगे नहीं बढ़ता। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि पिछले 12-13 साल में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। पीएम ने कहा कि 1970 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, तब देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी, लेकिन अब अर्थव्यवस्था की स्थिति बदल चुकी है।
पीएम मोदी ने कारोबारियों से कहा कि भारत में 140 करोड़ लोगों का बड़ा बाजार है, लेकिन कंपनियों को सिर्फ घरेलू बाजार के भरोसे नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अपील की कि कारोबारी अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारें और ग्लोबल मार्केट में मुकाबला करने की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियां विदेशों के लिए बेहतर और भारत के लिए कम गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाती हैं, यह सोच बदलनी होगी, क्योंकि भारतीय ग्राहक भी अच्छी गुणवत्ता के हकदार हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कंपनियों को दूसरे देशों की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद को समझकर उत्पाद तैयार करने चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार रिफॉर्म एक्सप्रेस के जरिए लगातार सुधार कर रही है और कारोबारियों से बिना झिझक अपनी समस्याएं और सुझाव देने की अपील की। साथ ही रिसर्च और नई तकनीक अपनाने पर जोर दिया, ताकि ऐसे उत्पाद बनें जो ग्राहकों की जरूरतों के मुताबिक और इस्तेमाल में आसान हों।
पीएम मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को सिर्फ नारा नहीं, बल्कि संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि 100 साल का इंतजार करने के बजाय यह सोचना चाहिए कि अगले 10 साल में देश के विकास के लिए क्या योगदान दिया जा सकता है।
