असम के कोकराझार जिले में पिछले वीकेंड आयोजित एक पार्टी के दौरान दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बीच कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सराईखोला स्थित सातवीं असम पुलिस बटालियन परिसर में हुई इस पार्टी का आयोजन कोकराझार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अक्षत गर्ग ने खुद किया था। इस दौरान उनकी वेस्टर्न रेंज के डीआईजी वाईटी ग्यात्सो से किसी बात को लेकर बहस हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में एसएसपी अक्षत गर्ग को कई चोटें आई हैं।

हालांकि, असम पुलिस मुख्यालय ने अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही इस संबंध में कोई बयान जारी किया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, गर्ग को किस तरह की चोटें आईं और पार्टी में मौजूद अन्य लोगों की क्या भूमिका थी, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे निजी मामला बताया। उन्होंने कहा कि घटना के समय दोनों अधिकारी ड्यूटी पर नहीं थे, इसलिए इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता। सीएम ने कहा कि अगर यह घटना ड्यूटी के दौरान हुई होती तो सरकार हस्तक्षेप करती और जरूरी कदम उठाती।

सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार को दोनों अधिकारियों के बीच हस्तक्षेप कर सुलह कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में कोई औपचारिक विभागीय जांच शुरू की गई है या नहीं। इस बीच, सीएम सरमा ने गोलाघाट के डेरगांव स्थित लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी में नए भर्ती पुलिसकर्मियों की पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल से बचने की नसीहत दी, ताकि वर्दी की गरिमा बनी रहे।