असम के कोकराझार में एक पार्टी के दौरान दो IPS अधिकारियों के बीच मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि कोकराझार के SSP अक्षत गर्ग और DIG वाईटी गेत्सु के बीच किसी बात पर बहस हुई, जो बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान SSP गर्ग को कई चोटें आई हैं। पार्टी सराईखोला स्थित 7वीं असम पुलिस बटालियन के परिसर में आयोजित की गई थी, जो SSP गर्ग ने दी थी और इसमें DIG गेत्सु भी शामिल हुए थे। पार्टी कब हुई, इसकी जानकारी नहीं है और विवाद की असली वजह भी अभी सामने नहीं आई है। असम पुलिस मुख्यालय ने भी इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसे अधिकारियों का निजी मामला बताया है। उन्होंने असम के DGP को विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी है। DGP ने वरिष्ठ IPS अधिकारी सुरेंद्र कुमार को दोनों अधिकारियों के बीच विवाद सुलझाने के लिए हस्तक्षेप करने को कहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि SSP गर्ग को कितनी चोटें आई हैं और मामले में कोई विभागीय कार्रवाई होगी या नहीं।
यह घटना उसी दिन सामने आई, जब मुख्यमंत्री ने डेरगांव स्थित लाचित बोरफुकन पुलिस अकादमी में नए भर्ती पुलिसकर्मियों की पासिंग आउट परेड को संबोधित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, नशे से दूर रहने और गाली-गलौज या अनुचित भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। सीएम ने कहा कि पुलिसकर्मियों के शब्दों, व्यवहार और काम में वर्दी की गरिमा और जिम्मेदारी झलकनी चाहिए।
