उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मिल रहे संकेतों के मुताबिक चुनाव आयोग चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 जनवरी के आसपास कर सकता है, जबकि मतदान 22 फरवरी के बाद शुरू होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी राज्यों में एक ही चरण में चुनाव हो सकते हैं, जबकि यूपी में तीन से चार चरणों में मतदान कराने की तैयारी है।

आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, लेकिन अभी उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा पूरा नहीं हुआ है। यह दौरा 15 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का दौरा शुरू होगा, जिसमें करीब एक महीने का समय लग सकता है। गौरतलब है कि 2022 में इन पांचों राज्यों के चुनाव का ऐलान आठ जनवरी को हुआ था।

चुनाव कार्यक्रम तय करते समय बोर्ड परीक्षाओं और प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रखा जा रहा है। माघ मेले का आयोजन 14 जनवरी से नौ मार्च तक प्रस्तावित है, जहां कल्पवासी माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक रहते हैं। वहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इन पांच राज्यों में मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है, इसलिए चुनाव प्रक्रिया उससे पहले पूरी करनी होगी। इस आधार पर मतदान 24 फरवरी से आठ मार्च के बीच कराया जा सकता है। बता दें कि मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027, गोवा में 14 मार्च 2027, पंजाब में 16 मार्च 2027, उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 और उत्तर प्रदेश में 22 मई 2027 तक है।