अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने कानपुर में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा सरकार की तारीफ की और सपा पर जाति-धर्म के आधार पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को भयमुक्त माहौल दिया है, जिससे दूसरे राज्यों और देशों के व्यापारी यहां निवेश करने से नहीं कतराते। सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के फार्मूले पर चल रही है और जाति-धर्म के आधार पर बांटने वाले इसकी बराबरी नहीं कर सकते।

रजा ने आरोप लगाया कि सपा ऐसी पार्टी है जिसका जन्म हिंदुओं की लाशों और खून पर हुआ है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर के लिए जाने वाले रामसेवक और कारसेवक पर लाठी और गोली चलाकर सपा ने अपनी बुनियाद खड़ी की है। ये बातें उन्होंने तकिया पार्क पुलिस चौकी के पास रहने वाले पूर्व हज कोआर्डिनेटर ओसामा अजीज के घर शिष्टाचार भेंट के दौरान कहीं।

असदुद्दीन ओवैशी के बयानों पर उन्होंने कहा कि वह इन्हें गंभीरता से नहीं लेते और लोगों का भविष्य भाजपा में है। इसके बाद वह सचिव जूही स्थित इजहार रिजवी के आवास पर परिजनों से मिलने भी पहुंचे।