पटना: सोनपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनय सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया है कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ है, जिसके बाद रविवार को उन्हें पटना के सीएनएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। विधायक के बीमार होने की खबर के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे।
विधायक के बेटे चंदन सिंह ने बताया कि उनके पिता को ब्रेन हैमरेज हुआ है और डॉक्टरों के मुताबिक अभी तीन-चार दिन इंतजार करना पड़ेगा। उनके अनुसार अब तक दो बार सीटी स्कैन हो चुका है और दोबारा हुई जांच की रिपोर्ट में स्थिति और क्रिटिकल दिख रही है, दिमाग में क्लॉटिंग बढ़ती जा रही है। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें अपने ऑब्जर्वेशन में रखा है।
चंदन सिंह के मुताबिक शादी का सीजन चल रहा है, इसलिए उनके पिता लगातार भागदौड़ कर रहे थे। अचानक उन्हें एहसास हुआ कि उनका हाथ सुन्न पड़ गया है और काम नहीं कर रहा है, जिसके बाद उन्होंने खुद परिजनों से कहा कि उन्हें अस्पताल ले चलो। परिजनों को शुरुआत में लगा कि यह थकान या हरासमेंट की वजह से हो रहा है, लेकिन अस्पताल ले जाने पर जांच में ब्रेन हैमरेज की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि उनके पिता काम का बहुत ज्यादा लोड ले लेते हैं।
सोनपुर विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सीएनएस अस्पताल पहुंचकर विनय सिंह के बेटे चंदन सिंह से मुलाकात की और उनके पिता का हालचाल जाना। स्वास्थ्य मंत्री के अलावा पूर्व मंत्री मंगल पांडेय भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों तथा परिजनों से विधायक के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली। इस दौरान विनय सिंह के बेटे और अन्य परिजन भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
