मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का जवाब सरकार के विकास कार्यों के रिपोर्ट कार्ड के जरिए देने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यों के साथ जवाब देने की अपील की और कांग्रेस पर अफवाह व दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया।
सीएम धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी है। सख्त नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। इन्वेस्टर्स समिट के 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक धरातल पर उतर चुके हैं। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा-2026 में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का पहुंचना बेहतर यात्रा प्रबंधन और धार्मिक पर्यटन के विस्तार का प्रमाण है। खिलाड़ियों के दैनिक भोजन भत्ते में भी 250 से बढ़ाकर 480 रुपये की वृद्धि की गई है। उन्होंने रोजगार, महिला सशक्तिकरण, निवेश, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत ढांचे को सरकार की उपलब्धियों के रूप में पेश किया।
सीएम धामी ने राहुल गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर टिप्पणी और अखिलेश यादव के उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने संबंधी बयान पर आपत्ति जताई और इस पर उत्तराखंड में कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से भाजपा 2027 में बड़े बहुमत के साथ जीत की हैट्रिक लगाएगी।
