मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भाजपा ने देशव्यापी अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी इस मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों और कथित भ्रामक प्रचार का जवाब देने के लिए देशभर में 40 रैलियां करेगी। अभियान की शुरुआत तेलंगाना के करीमनगर से होगी, जहां सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने रविवार को बताया कि भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व एसआईआर के उद्देश्य और उससे जुड़े तथ्यों को आम लोगों तक पहुंचाना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर जनता में भ्रम फैला रही है। भाजपा रैलियों के जरिए लोगों को इसकी वास्तविकता बताएगी और कांग्रेस के प्रचार का जवाब देगी।
संजय कुमार ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हाल ही में हैदराबाद आए थे और अब नितिन नवीन करीमनगर में रैली करेंगे। इसके अलावा तेलंगाना के सभी संसदीय क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इन रैलियों को सफल बनाने के लिए जुटे हैं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी इनमें शामिल होंगे।
एसआईआर का उद्देश्य बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके तहत मतदाता सूची से दोहरी प्रविष्टियां और मृत व्यक्तियों के नाम हटाए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे देशों से आकर अवैध रूप से रहने वाले कुछ लोग भी मतदाता सूची में जगह बना लेते हैं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाते हैं। ऐसे नामों को हटाना भी इस प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल मतदाता सूची प्रारूप के स्तर पर है और जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं या जिन्हें नाम दर्ज कराने में परेशानी है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
