तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम त्योहार को लेकर विवाद बढ़ गया है। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने टीवीके सरकार पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। मामला तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक जलाने की अनुमति से जुड़ा है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक बार के अंतरिम उपाय के तौर पर 24 नवंबर को दीपथून पर दीया जलाने की इजाजत दी थी। सरकार ने इस आदेश पर पुनर्विचार याचिका दायर की है।

भाजपा नेता ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जब दीपथून पर दीया जलाने की अनुमति दी गई है, तो सरकार इतनी परेशान क्यों हो रही है। उन्होंने सरकार के रुख की कड़ी निंदा की और सवाल किया कि जब सभी संगठन कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए संयम बरत रहे हैं, तो टीवीके सरकार पुनर्विचार याचिका दाखिल करने में इतनी जल्दी क्यों कर रही है।

नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि सरकार मंदिरों की संपत्ति के संरक्षण के लिए गठित हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग के जरिए वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार अदालतों में याचिकाएं दायर करने पर सरकारी वकीलों पर खर्च होने वाला पैसा करदाताओं का है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार भगवान मुरुगन के भक्तों के पूजा अधिकारों के खिलाफ दलीलें दे रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जोसेफ विजय की सरकार सभी के लिए शासन का दावा करती है, लेकिन वह हिंदू विरोधी है और मुरुगन भक्तों के पूजा अधिकारों को सुनियोजित तरीके से छीन रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुरुगन भक्त इस सरकार को सबक सिखाएंगे।