भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया है। हरिद्वार में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा के मंत्र के साथ जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने की सलाह दी।
मेनन ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है। इसलिए हर कार्यकर्ता को अपने बूथ पर पूरी मजबूती के साथ काम करना होगा। उन्होंने निचले स्तर तक समाज के हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा के मूल मंत्र को अपनाकर जनता के बीच अपनी भागीदारी बढ़ाएं और पार्टी के सभी कार्यक्रमों को समर्पण के साथ जमीन पर उतारें। साथ ही डबल इंजन सरकार की नीतियों और राष्ट्रवाद के विचार को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही, ताकि उत्तराखंड के हर बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित हो सके।
बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से यह भी आह्वान किया गया कि वे पार्टी की गतिविधियों में पूरी ताकत से जुटें। बता दें कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हरिद्वार में हो रही है, जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे हैं और वे समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
