भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 'राधे-राधे' वाले बयान पर पलटवार किया है। लखनऊ की उत्तर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लगंज में आयोजित मतदाता जोड़ो अभियान में मतदाताओं से संवाद करते हुए चौधरी ने कहा कि अब सपा को 'राधे-राधे' भी खटकने लगा है, जबकि यह हमारी संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि 'राधे-राधे' के संबोधन पर सवाल उठाना समझ से परे है।
अखिलेश यादव ने पिछले दिनों कहा था कि भाजपा को पता है कि उसे सत्ता नहीं मिलेगी, इसीलिए वह 'राधे-राधे' कह रही है। इसी बयान के जवाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह प्रतिक्रिया दी। गौरतलब है कि भाजपा और सपा के बीच स्लोगनों और नारों को लेकर बयानों का दौर चल पड़ा है।
मतदाता जोड़ो अभियान के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि मतदाताओं की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं मतदान केंद्र पर जाकर सूची में अपना नाम जांच लें। कोई त्रुटि रही तो समय रहते उसे ठीक कर लिया जाएगा। पार्टी ने 22 से 24 तक तीन दिनी विशेष अभियान चलाया है, जिसमें विधायक, प्रदेश एवं जिला स्तर की टीमों के साथ न्याय पंचायत और शक्ति केंद्र प्रमुख भी सक्रिय हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 और किसी नाम पर आपत्ति के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन करना होगा। कार्यक्रम में विधायक नीरज बोरा और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
