बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी की खबरों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आवामी लीग के चार वरिष्ठ नेता सीमा पार करने के रास्ते तलाशने के लिए भारत आ रहे हैं। इनमें जहांगीर कबीर नानक, मुजफ्फल हुसैन चौधरी माया, पार्टी के संयुक्त महासचिव एएफएम बहाउद्दीन नसीम और पूर्व सांसद अलाउद्दीन अहमद चौधरी नासिम शामिल बताए जा रहे हैं। ये सभी हसीना के करीबी माने जाते हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार ये नेता रविवार सुबह 9 बजे कोलकाता के लिए निकल सकते हैं और अगले दो से तीन दिन में त्रिपुरा के अगरतला बॉर्डर पर जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के लोग एक से अधिक रास्तों की तलाश में हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि शेख हसीना कब बांग्लादेश लौट सकती हैं।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में सरकार विरोधी हिंसा और तख्तापलट के बाद शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत आई थीं। इसके बाद अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस को देश की कमान दी गई। फरवरी में हुए आम चुनाव में बीएनपी की जीत हुई और तारिक रहमान प्रधानमंत्री बने।

शेख हसीना के वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में बवाल शुरू हो गया और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को कालिया नगरपालिया में हिंसा हुई, जहां करीब 50 घर जल गए। बीएनपी के दो कार्यकर्ताओं की मौत के बाद यह हिंसा भड़की। बीएनपी सरकार ने हसीना की वापसी के लिए दस्तावेज देने से इनकार कर दिया है। एक ट्राइब्यूनल ने हसीना को प्रदर्शनों के दौरान हत्या का आदेश देने और लोगों को उकसाने के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी, जबकि जमीन घोटाले के आरोप में उन्हें 21 साल कैद की सजा सुनाई गई है।