समुद्री तूफान 'अकवान' के असर से बिलासपुर में मौसम ने रिकॉर्ड बदल दिया है। शुक्रवार को दिनभर हुई झमाझम वर्षा के बाद शनिवार सुबह शहर घने कोहरे में लिपटा रहा। आसमान में काले बादल छाए रहे और रुक-रुककर फुहारें गिरती रहीं। वातावरण में नमी और ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा बना हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार सुबह आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में 75.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.1 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज हुआ। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है। तहसीलवार आंकड़ों में बिलासपुर में सर्वाधिक 75.4 मिमी, पचपेड़ी में 57, मस्तूरी में 54.4 और बेलगहना में 48.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
बदले मौसम का असर दो तरह से देखा जा रहा है। किसानों के लिए यह चिंता का कारण है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसल और कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका है। वहीं घूमने-फिरने के शौकीनों के लिए यह मौसम सौगात जैसा है। रविवार की छुट्टी को देखते हुए परिवारों ने पेंड्रारोड और अमरकंटक जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों का कार्यक्रम बनाया है और होटल व वाहनों की बुकिंग हो रही है। अमरकंटक में भी तूफान का असर जारी है, जहां शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के मुताबिक रविवार 22 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर व शाम के समय हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। 23 नवंबर से मौसम में बदलाव शुरू होगा, जबकि 24 नवंबर से ठंड तेजी से बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में यात्रा पर निकलने वालों को वर्षा और कोहरे को ध्यान में रखकर सावधानी बरतनी चाहिए।
