मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम और श्री जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा के शुभारंभ पर रामभक्तों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं 'रोटी-बेटी' के चिरंतन संबंधों में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।
सीएम योगी ने लिखा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल का यह आत्मीय-सांस्कृतिक संबंध आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक सुदृढ़ होगा। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री के 'विरासत भी, विकास भी' और 'नेबरहुड फर्स्ट' के संकल्प का जीवंत प्रमाण है।
सीएम योगी ने कहा कि इस सेवा से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा सुगम होगी तथा धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को नई गति मिलेगी। उन्होंने अवध को मिथिला से एकाकार करने वाले इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को हृदय से बधाई दी।
