नैनीताल हाई कोर्ट ने धारचूला विधायक हरीश धामी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 35 का नोटिस दिए बिना गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन मानते हुए दर्ज मुकदमे को निस्तारित कर दिया।

याचिकाकर्ताओं की ओर से कहा गया कि पुलिस ने 15 नवंबर को उनके और कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 35 का नोटिस दिए बिना चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जो सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। याचिका में कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट ने अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में निर्देश दिए हैं कि सात साल से कम सजा वाले मामलों में गिरफ्तारी से पहले धारा 35 का नोटिस देना आवश्यक है। इस आधार पर मांग की गई कि उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए और मुकदमा निरस्त किया जाए।

सरकार की ओर से कोर्ट में कहा गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया गया, पोडियम में तोड़फोड़ की गई और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। सुनवाई के बाद एकलपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए याचिका का निस्तारण कर दिया।