सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उस याचिका पर सुनवाई की, जिसमें राजनेताओं के बयानों से न्याय व्यवस्था में बाधा पड़ने का आरोप लगाया गया है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से रोकना कोर्ट का काम नहीं है। बेंच ने यह भी कहा कि अगर ऐसे बयानों पर रोक के लिए कानून चाहिए तो इसका रास्ता संसद है।
यह याचिका दो वकीलों ने दायर की है। उनका आरोप है कि कुछ राजनेताओं और अन्य लोगों के बयानों ने न्याय के प्रशासन में बाधा डाली है। याचिका में केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद महुआ मोइत्रा और अन्य पक्षकार बनाए गए हैं। सुनवाई में सीनियर वकील गौरव भाटिया ने दलील रखी कि यह मामला सिर्फ एक बयान का नहीं, बड़े मुद्दे का है। उन्होंने उस घटना का जिक्र किया, जिसमें एक वकील ने कोर्टरूम में CJI सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
बेंच ने पूछा कि राजनीतिक दलों को कैसे रोका जाए। जब भाटिया ने कहा कि मामला राजनीतिक दलों का नहीं है, तो बेंच ने पलटकर पूछा कि फिर सब कुछ एक साथ क्यों जोड़ा गया है। भाटिया ने कहा कि सवाल यह है कि क्या न्याय के प्रशासन में बाधा डाली जा सकती है। बेंच ने कहा कि अगर ऐसे बयानों पर रोक चाहिए तो इसे संसद में उठाया जाए और कानून बनवाया जाए।
भाटिया ने बताया कि CJI के खिलाफ टिप्पणी वाले मामले में अवमानना का केस दूसरी बेंच के सामने लंबित है। इस पर बेंच ने कहा कि यह मामला भी उसी बेंच के सामने रखना उचित होगा और रजिस्ट्री कागजात CJI के सामने रखे, ताकि उचित आदेश पारित हो सके। गौरतलब है कि 18 नवंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका पर नोटिस जारी किया था, जिसमें CJI के खिलाफ वकील की आपत्तिजनक टिप्पणियों पर अवमानना कार्रवाई की मांग की गई थी।
