कर्नाटक में हाथियों के स्थानांतरण के फैसले के विरोध में मुदिगेरे से कांग्रेस विधायक नयना मोटाम्मा ने सोमवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा स्पीकर जीएस पाटिल ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और कहा कि यह सही फॉर्मेट में जमा करना होगा।
मोटाम्मा सुबह अपना इस्तीफा लेकर स्पीकर के कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने बताया कि इस्तीफा निर्धारित फॉर्मेट में नहीं है। इसके बाद उन्होंने स्पीकर के प्राइवेट सेक्रेटरी के कार्यालय में भी अपना पक्ष रखा। स्पीकर ने कहा कि इस्तीफा देने के लिए नियमों के मुताबिक सही फॉर्मेट में लिखित में देना होगा।
विधायक वन विभाग के उस फैसले का विरोध कर रही हैं जिसके तहत हासन जिले के बेलूर से करीब 50 से 60 हाथियों को चिकमगलूर जिले के मुदिगेरे के टटकोला रिजर्व फॉरेस्ट (भद्रा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी के आसपास के इलाके) में शिफ्ट किया जाना है। उनका कहना है कि यह फैसला उन किसानों के लिए नुकसानदायक होगा जो पहले से हाथी-मनुष्य टकराव से जूझ रहे हैं। विभाग ने पिछले हफ्ते हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत के बाद यह आदेश जारी किया था।
रविवार को चिकमगलूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोटाम्मा ने रिलोकेशन ऑर्डर तुरंत वापस लेने की मांग की थी और कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने वन विभाग पर आरोप लगाया कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों से सलाह नहीं ली गई। उन्होंने बताया कि हासन और चिकमगलूर के मुख्य वन संरक्षक (CCF) ने आश्वासन दिया है कि ऑपरेशन रोक दिया गया है। हालांकि, मोटाम्मा इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं और रात में भगाए गए हाथियों को वापस लाने की मांग कर रही हैं, साथ ही ऐसा न होने पर दोबारा इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।
