बागपत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकारी शगुन के लालच में 18 विवाहित युवतियों ने दोबारा शादी के लिए आवेदन किया। अधिकारियों की जांच में यह फर्जीवाड़ा सामने आने पर सभी आवेदन निरस्त कर दिए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह चौहान के अनुसार जांच में कई ऐसी युवतियों के आवेदन मिले जिनकी शादी पहले ही हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक योजना के तहत बागपत में अब तक 438 बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि 44 बेटियों का लक्ष्य बाकी था। इनकी शादी 25 नवंबर को छपरौली ब्लाक में होनी है। समाज कल्याण विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदनों की जांच कराई गई, जिसमें 18 युवतियों के आवेदन भी अपलोड मिले जो पहले से सुहागिनें हैं। जांच के बाद इन आवेदनों को निरस्त कर दिया गया।
बताया गया है कि सामूहिक विवाह योजना में प्रत्येक विवाह पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं, जिसमें 15 हजार रुपये विवाह समारोह, 64 हजार रुपये बेटी के खाते में और 21 हजार रुपये का सामान दिया जाता है। अधिकारियों के मुताबिक अब छपरौली ब्लाक परिसर में 44 बेटियों की शादी कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
