बनबसा सैन्य स्टेशन (चंपावत) में सोमवार से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबड़घाव के अनुसार यह वर्ष 2027 के लिए उत्तराखंड में आयोजित की जा रही अग्निवीर भर्ती रैलियों की तीसरी कड़ी है।

भर्ती रैली का आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से किया जा रहा है। पिथौरागढ़ जनपद के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों की भर्ती 23, 24 और 25 नवंबर को होगी, जबकि चंपावत के जीडी अभ्यर्थियों के लिए 26 और 27 नवंबर की तिथियां निर्धारित हैं। दोनों जनपदों के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेडमैन (8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण) श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती 27 नवंबर को होगी।

कर्नल अमोल दबड़घाव ने बताया कि भर्ती रैली में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने एक से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दर्ज तिथि और समय पर बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचना होगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र के साथ भर्ती अधिसूचना में उल्लिखित सभी मूल दस्तावेज साथ लाने को कहा है।