बांदा जिला कांग्रेस कमेटी के सौ से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी संविधान रक्षा यात्रा में शामिल होने के लिए बुधवार देर रात लखनऊ के लिए रवाना हुए। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत के संविधान और प्रजातंत्र पर आजादी के बाद सबसे बड़ा खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की बुनियाद एक वोट है और वोट का अधिकार छीनना संविधान तथा प्रजातंत्र को कमजोर करना है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी 26 नवंबर, संविधान दिवस पर संविधान रक्षा यात्रा निकाल रही है। जिलाध्यक्ष के अनुसार बांदा जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और लोग निजी बस, निजी वाहनों और ट्रेन से लखनऊ पहुंचे हैं। यात्रा की शुरुआत 26 नवंबर को नेहरू भवन लखनऊ में गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई।

रवानगी के मौके पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा खान, शहर अध्यक्ष अफसाना शाह, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष रज्जाक भाई, कांग्रेस सभासद इरफान खान, अरविंद सिंह, रामनरेश गुप्ता लड्डू और लालबाबू राजपूत सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।