उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पा रही है। इस बीच सहारनपुर से कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने बसपा के साथ गठबंधन की संभावना पर बयान दिया है। लखनऊ में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च से पहले मीडिया से बात करते हुए मसूद ने कहा कि बसपा अध्यक्ष मायावती बड़े कद की नेता हैं और गठबंधन को लेकर फैसला उन्हीं का होगा। उन्होंने कहा कि मायावती को छोटा नेता नहीं समझा जाना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर मसूद ने कहा कि पार्टी 60 सीटों पर चुनाव लड़कर समझौता नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीट देने की बात कही है, जबकि पार्टी को अपना वजूद खड़ा करना है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस ने सौ से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ा था।
मसूद ने कहा कि गठबंधन का मतलब होता है कि संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हो और हर चीज मिलकर तय की जाए। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर पार्टी नेतृत्व को सभी बातें बता दी गई हैं और अब नेतृत्व जो फैसला करेगा, वही मान्य होगा।
बता दें कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन पर तकरार कम नहीं हो रही है। सपा की ओर से मेनिफेस्टो भी जारी किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि उसे इस बारे में जानकारी नहीं है।
