जम्मू-कश्मीर में शेषनाग झील के पास अमरनाथ यात्रा मार्ग को चौड़ा करने के मामले में पीडीपी और भाजपा के बीच विवाद खड़ा हो गया है। पीडीपी पर्यावरण संवेदनशीलता का हवाला देकर निर्माण का विरोध कर रही है, जबकि भाजपा इसे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी बता रही है।

पीडीपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि शेषनाग तक सड़क बनाने के प्रोजेक्ट को 23 जनवरी, 2026 को उमर कैबिनेट ने मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि यहां निर्माण से पर्यावरण और अमरनाथ यात्रा दोनों को खतरा हो सकता है। 24 जनवरी को पीडीपी नेता शेषनाग झील के पास निर्माण कार्य रुकवाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें चंदनवाड़ी के पास रोक लिया। मीरवाइज उमर फारूक ने भी सोशल मीडिया पर निर्माण का विरोध जताया।

भाजपा प्रवक्ता अलताफ ठाकुर ने पीडीपी पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि पीडीपी के दौर में मुगल रोड पर 36 हजार पेड़ कटे, तब पर्यावरण की याद क्यों नहीं आई। उन्होंने पीडीपी के विरोध को राजनीतिक चाल बताया। बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) ने स्पष्ट किया है कि मार्ग पर कोई नया निर्माण नहीं हो रहा, बल्कि ट्रैक को चौड़ा किया जा रहा है। शेषनाग झील पहलगाम के चंदनवाड़ी में पड़ती है और यह पहलगाम से अमरनाथ गुफा जाने वाले पारंपरिक मार्ग के बीच आती है।