लखनऊ में संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। बिना नाम लिए उन्होंने नेता विपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका दिखाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि भारत की संप्रभुता आम नागरिक में निहित है और कोई भी परिवार या व्यक्ति यह घोषणा नहीं कर सकता कि वह देश का मालिक है। उन्होंने कहा कि संविधान ने विधायिका, न्यायपालिका और कार्यपालिका को मिलकर काम करने का अधिकार दिया है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब इन लोगों को अवसर मिला था तब उन्होंने संविधान का गला घोंट दिया और अपने स्वार्थ के लिए कई बार संविधान में संशोधन किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने भारत के संविधान को कमजोर करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं और आज भी कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति या जाति अगर अपने महापुरुषों पर गर्व नहीं कर सकती तो वह देश को अंधकार युग में ले जाने का प्रयास कर रही है।

इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'डॉ. बी. आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना' के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने बाबा साहब और उनके स्मारकों के प्रति अमर्यादित टिप्पणियां कर वंचित समाज के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को 'पंचतीर्थ' के रूप में विकसित कर उनके विचारों और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी अक्सर अपनी सभाओं में जनता को संविधान की प्रति दिखाते रहे हैं। संविधान दिवस पर उन्होंने इसे देश की आत्मा बताते हुए नागरिकों के अधिकार और न्याय की रक्षा का संकल्प दोहराया। लगभग 20 सेमी लंबी और 9 सेमी चौड़ी इस पुस्तक का लखनऊ से गहरा नाता है। लखनऊ की ईस्टर्न बुक कंपनी ने संविधान की इस पुस्तक को पहली बार 2009 में प्रकाशित किया था। 2024 में पहली बार राहुल गांधी ने इस पुस्तक को अपनी जनसभा में दिखाया था, तब से इस पुस्तक की मांग में खासा इजाफा हुआ है।