बरेली के हफीज सैफी की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और आरोपियों के बीच समझौते के आधार पर फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस बंद कर दिया था। मृतक के बड़े भाई शफीक सैफी ने अदालत में याचिका दायर कर इस रिपोर्ट को चुनौती दी, जिसके बाद न्यायालय ने दोबारा विवेचना के आदेश दिए। दोबारा जांच में पुलिस ने मामा-भांजे सोनू और सतीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शाहबाद (रामपुर) के ढकिया चौराहे पर 11 अगस्त 2022 को बरेली के सिरौली निवासी बस हेल्पर हफीज का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने उसके सिर पर ईंट मारकर उसे घायल कर दिया, और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। शफीक सैफी की शिकायत पर शाहबाद के गुजरैला गांव के सोनू और उसके भांजे, पटवाई के रजौरा मझरा गांव निवासी सतीश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, गाली-गलौज और धमकाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान उप निरीक्षक सुभाष चंद्र ने दोनों आरोपियों को क्लीन चिट देते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। मृतक के भाई के अनुसार, इस रिपोर्ट का आधार मृतक की पत्नी निशा और आरोपियों के बीच हुआ समझौता था, जिसमें आरोपियों ने निशा को आठ लाख रुपये दिए थे। हालांकि, महिला के स्वजन का कहना है कि चार लाख रुपये दिए गए थे, ताकि वह अपनी और बच्चों की गुजर-बसर कर सके। शफीक ने अदालत में याचिका दायर कर कहा कि विवेचक ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मृत्यु किस कारण हुई और जांच में तथ्यों को अनदेखा किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने 31 अक्टूबर को अग्रिम विवेचना के आदेश दिए।

शाहबाद कोतवाली के उप निरीक्षक जय प्रकाश दोबारा विवेचना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हफीज की मौत के लिए जिम्मेदार सोनू और सतीश को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है और विवेचना निष्पक्षता के साथ जारी है। मृतक की पत्नी के खिलाफ कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। पेशे से बस चालक शफीक ने बताया कि पैरवी के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ा और भाई की मौत के बाद मकान बेचने का विरोध करने पर उनके खिलाफ झूठा मुकदमा भी किया गया। मृतक के ससुर जरीफ कुरैशी का कहना है कि समझौता शाहबाद में पुलिस की मौजूदगी में हुआ था और बेटी के भविष्य की चिंता में यह कदम उठाया गया। अधिवक्ता सैयद शाह आलम के अनुसार, निशा ने अपने शपथपत्र में कई जानकारी गलत दी थी और फर्जी शपथपत्र देने वाले के खिलाफ कोर्ट में शिकायती पत्र दिया गया है।