प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के अवसर पर बक्सर जिले को ऊर्जा, औद्योगिक विकास, शिक्षा, पशुपालन और आवास के क्षेत्र में कई परियोजनाएं मिली हैं। कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण नावानगर औद्योगिक विकास क्षेत्र और चौसा ताप विद्युत संयंत्र से किया गया।
छोटका सिंघनपुरा में 12.67 करोड़ रुपये की लागत से बने 33/11 केवी पावर सब-स्टेशन का उद्घाटन किया गया, जहां 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इससे 56 गांवों के करीब 11,500 परिवारों को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। वहीं, 7,027 करोड़ रुपये की लागत वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे बक्सर, डुमरांव और आरा सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।
नावानगर औद्योगिक क्षेत्र में 125 एकड़ भूमि पर विशेष आर्थिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिसकी एकरारनामा राशि 109.0143 करोड़ रुपये निर्धारित है। शिक्षा विभाग की ओर से 9.47 करोड़ रुपये की लागत से तीन विद्यालय भवन बनाए गए हैं, जिनमें कक्षा नौ से 12वीं तक की पढ़ाई की सुविधा होगी।
राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत डुमरांव स्थित गोकुल ग्राम में 37.043 करोड़ रुपये की लागत से हीफर पालन केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां 500 मादा पशुओं के माध्यम से आईवीएफ और सेक्स-सार्टेड सीमेन तकनीक से उच्च आनुवंशिक गुणवत्ता वाली बछियों का उत्पादन होगा। इसका क्रियान्वयन काम्फेड, पटना द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 113 लाभुकों में से सांकेतिक रूप से 10 लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई।
