तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में सॉयरपुरम के पास सोलाईपुदुर इलाके में शनिवार को एक 23 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी 17 वर्षीय प्रेमिका की गला घोंटकर और चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात दूसरे लड़कों से बात करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान अबर्ना के रूप में हुई है, जो सेबाथैयापुरम स्थित अरुलमिगु मुथुमलाई अम्मन हिंदू हायर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। जांच में सामने आया कि अबर्ना और आरोपी मुथुराज करीब दो साल से एक-दूसरे को जानते थे।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब अबर्ना अपने घर में अकेली थी, तभी मुथुराज वहां पहुंचा। उसने अबर्ना पर दूसरे लड़कों से बात बंद करने का दबाव बनाया, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। पुलिस का कहना है कि जब अबर्ना ने उसकी बात मानने से इनकार किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर पहले उसका गला घोंटा और फिर सीने के निचले हिस्से व पीठ पर चाकू से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण अबर्ना की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद मुथुराज ने कथित तौर पर अपनी बाईं कलाई की नस काट ली और जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू में लेकर इलाज के लिए थूथुकुडी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अबर्ना के शव को पोस्टमार्टम के लिए उसी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
