कानपुर में यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने चौराहों की संरचना सुधारने की योजना बनाई है। 'प्रोजेक्ट गिफ्ट' (गाइडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर फार ट्रैफिक) के तहत करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से शहर के 42 प्रमुख चौराहों का डिजाइन बदला जाएगा। इसका उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना और फ्री लेफ्ट टर्न विकसित करना है, ताकि बाएं मुड़ने वाले वाहनों को सिग्नल पर अनावश्यक रूप से न रुकना पड़े।

पिछले पांच वर्षों में जाम से निपटने के लिए कई योजनाएं बनीं और करोड़ों रुपये खर्च हुए। स्मार्ट सिटी योजना के तहत इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पर 75.11 करोड़ और स्मार्ट मोबिलिटी पर करीब 86.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन समस्या बरकरार रही। अब प्रशासन ने चौराहों की बनावट को जाम की वजह मानते हुए उन्हें दुरुस्त करने की तैयारी की है। योजना के तहत ट्रैफिक चैनलाइजेशन, मीडियन, कर्ब और ट्रैफिक आइलैंड की संरचना में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जाएगा।

शहर के 42 चौराहों को संरचना के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा गया है, जिनमें 26 फोर आर्म्स, सात थ्री आर्म्स, सात मल्टी आर्म्स और दो स्टैगर्ड चौराहे शामिल हैं। सभी चौराहों की समस्या एक जैसी न होने के कारण एक समान डिजाइन लागू करने के बजाय अलग-अलग तकनीकी प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके लिए वाहनों का दबाव, सड़क की चौड़ाई, पैदल यात्रियों की आवाजाही और उपयोगिता सेवाओं की स्थिति का सर्वेक्षण किया गया है। योजना में रामादेवी, टाटमिल, घंटाघर, नौबस्ता, कल्याणपुर, जाजमऊ, मूलगंज, नवीन मार्केट, फूलबाग, किदवई नगर और गंगा बैराज सहित कई चौराहे शामिल हैं। इनकी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, आवास विकास परिषद, केडीए और नगर निगम को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के अनुसार दिसंबर में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यह योजना तैयार की गई है, जिसमें चौराहों की बनावट में बदलाव और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते विकसित करने पर विशेष ध्यान रहेगा। सेवानिवृत्त सहायक अभियंता अरविंद कुमार शुक्ल ने कहा कि पुराने शहर में सड़कों की चौड़ाई कम है और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाए बिना यह योजना संभव नहीं हो सकेगी।