पानीपत के तहसील कैंप थाने में एक विवाहिता की शिकायत पर पति समेत छह ससुरालजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार महिला की शादी 18 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के एक युवक से हुई थी, जिसमें उसके मायके पक्ष ने करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे।
आरोप है कि शादी के बाद ससुरालजन कार और परिवार के अलग-अलग सदस्यों के लिए सोने के आभूषण मांगने लगे। मांग पूरी न होने पर महिला के साथ मारपीट की गई और उसे कमरे में बंद कर भूखा रखा गया। शिकायत में स्त्रीधन अपने कब्जे में रखने और वापस न करने का आरोप भी लगाया गया है।
विवाहिता ने गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल न किए जाने और अस्पताल न ले जाने के कारण बच्चे की मौत होने का आरोप लगाया है। इसके अलावा देवरों पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति और पांच अन्य ससुरालजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
