प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान वैशाली में आयोजित जनसभा से समस्तीपुर जिले के लिए 502.77 करोड़ रुपये की आठ विकास योजनाएं शुरू कीं और समर्पित कीं। इन परियोजनाओं में जलापूर्ति, विद्युत, शिक्षा, श्रम, स्वास्थ्य, खेल और शहरी आवास शामिल हैं, जिनसे जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
समस्तीपुर नगर निगम के लिए 228.45 करोड़ रुपये की जलापूर्ति परियोजना फेज एक का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा 181 करोड़ रुपये की लागत से एलआर परियोजना के तहत विद्युत अंचलों के सुदृढ़ीकरण का शुभारंभ हुआ, जबकि 62.78 करोड़ रुपये से चकमहेसी के बख्तियारपुर, मोहिउद्दीननगर के मोहम्मदीपुर, पूसा के कैजिया बिशनपुर और सरायरंजन के नरघौघी में चार 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र शुरू किए गए।
शिक्षा के क्षेत्र में 6.52 करोड़ रुपये से चार उच्च माध्यमिक व उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवनों तथा शहर के आरएसबी इंटर स्कूल में 10.31 करोड़ रुपये से स्पोर्ट्स हाल सह जिम्नेजियम भवन का शुभारंभ किया गया। श्रम विभाग के लिए 6.33 करोड़ रुपये की लागत से जिला स्तरीय संयुक्त श्रम कार्यालय भवन की शुरुआत हुई, जबकि उजियारपुर और कल्याणपुर में 86 लाख रुपये से दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू किए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत समस्तीपुर नगर निगम में 16, दलसिंहसराय में 66 और रोसड़ा में 244 सहित कुल 326 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मेयर अनीता राम, डीएम रोशन कुशवाहा, उप मेयर रामबालक पासवान, जिला पार्षद उपाध्यक्ष ठाकुर उदर शंकर और नगर आयुक्त गौतम कुमार ने 60 लाभुकों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपी, जबकि बाकी का स्थानीय स्तर पर गृह प्रवेश हुआ। कार्यक्रम के दौरान दलसिंहसराय वार्ड 22 निवासी रेखा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया, जहां स्थिति सामान्य होने के बाद वे घर लौट गईं।
