फतेहपुर जिले के हथगाम थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात शादी से पहले दुल्हन के लापता होने का मामला सामने आया है। बारात आने के बाद जब सात फेरों की तैयारी चल रही थी, तभी दुल्हन के घर से गायब होने की खबर से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही बारात बिना खाना खाए देर रात वापस लौट गई।
दुल्हन के भाई की शिकायत के अनुसार गांव के ही रहने वाले मासूम अहमद पर युवती को भगा ले जाने का आरोप है। आरोप है कि उसने अपने भाइयों मंसूर अहमद और मंजूर अहमद के सहयोग से यह काम किया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और युवती को तत्काल बरामद करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लापता युवती को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
