तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई जिले में एक स्कूल री-यूनियन के दौरान शुरू हुए रिश्ते को लेकर हुए डबल मर्डर में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय गांधी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके कथित प्रेमी की हत्या की है। मामले की जांच जारी है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला तिरुवन्नमलाई जिले के एक स्कूल से जुड़ा है, जहां आरोपी संजय और दोनों मृतक पढ़ाई करते थे। स्कूल री-यूनियन के दौरान संजय और मृतका की मुलाकात हुई और दोनों करीब आने लगे। पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले से लड़की ने संजय से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिसके बाद संजय को शक हुआ कि वह किसी और लड़के से बात कर रही है। इसी जलन को पुलिस ने हत्या की वजह माना है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, मारे गए दोनों व्यक्ति आपस में रिश्तेदार थे और एक कैब से घटनास्थल पर पहुंचे थे। जैसे ही वे उतरे, घात लगाकर बैठे संजय ने उनकी हत्या कर दी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है कि हत्याएं किन परिस्थितियों में हुईं। पुलिस के मुताबिक, हत्या की सही वजह जांच के बाद ही सामने आ सकेगी और मामले की हर ऐंगल से जांच की जा रही है।

इस बीच, इस डबल मर्डर के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सरकार की आलोचना की है और मुख्यमंत्री विजय से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने की मांग की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने तिरुपत्तूर की इस दोहरी हत्या और पिछली रात पल्लावरम में एक अन्य युवक की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता में आने के बाद से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है और उसका ध्यान अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय दूसरों पर दोष मढ़ने और सोशल मीडिया रील्स से अपनी छवि सुधारने पर अधिक है।