तमिलनाडु के तिरुपट्टूर जिले में एक मजदूर ने अपनी पूर्व स्कूली सहपाठी और एक अन्य व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी संजय गांधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक प्यार और जलन इस डबल मर्डर की मुख्य वजह मानी जा रही है।

पुलिस का संदेह है कि आरोपी संजय गांधी, जो तिरुवन्नामलाई जिले के एक स्कूल में मालिनी का सहपाठी था, पिछले साल स्कूल रीयूनियन में मुलाकात के बाद उसके करीब आया था। हाल के दिनों में मालिनी उससे दूरी बनाने लगी थी। गांधी को शक हुआ कि मालिनी एक अन्य व्यक्ति रंजीत कुमार के करीब हो गई है, जिसके बाद उसने दोनों की हत्या की योजना बनाई।

मालिनी और रंजीत कुमार, जो रिश्तेदार थे, टैक्सी से एक हाउसिंग प्लॉट साइट पर पहुंचे। टैक्सी से उतरते ही उन पर हमला कर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि लव जेलसी ही मकसद लगता है और जांच जारी है।

इस घटना के बाद तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच सियासी टकराव बढ़ गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने टीवीके सरकार की आलोचना की है और मुख्यमंत्री विजय से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने की मांग की है। उदयनिधि ने एक्स पर पोस्ट कर तिरुपट्टूर के डबल मर्डर और पल्लवरम में एक युवक की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है और सरकार सिर्फ सोशल मीडिया रील्स के जरिए अपनी छवि सुधारने में लगी है।