भोपाल की एक महिला ने आरोप लगाया है कि बसपा नेता और इंदौर-भोपाल क्षेत्र के मुख्य जोन प्रभारी कमलेश दोहरे ने जुलाई 2025 में पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, मिसरोद थाना पुलिस ने सीहोर पुलिस की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश राय के अनुसार, भोपाल निवासी पीड़िता ने शिकायत में बताया कि कमलेश दोहरे ने जुलाई 2025 में उसे पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा दिया था। इसी बहाने उसे होटल जलसा में मिलने के लिए बुलाकर उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि एक बार आरोपित दूसरे युवक को भी साथ लाया था, जिसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार रात मामला दर्ज किया।
आरोपित कमलेश दोहरे मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित भारतीय नगर का रहने वाला है और 2023 में सीहोर सीट से बसपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है। वर्तमान में वह इंदौर-भोपाल क्षेत्र का मुख्य जोन प्रभारी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
