उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन के बाद उनके पैतृक गांव पंचूर स्थित घर की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। शुक्रवार को मां के निधन की खबर मिलने पर सीएम योगी गोरखपुर में कार्यक्रम समाप्त कर पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव पहुंचे और देर तक मां के पार्थिव शरीर को निहारते रहे। इसी दौरान की तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।

तस्वीर में मां के कमरे की दीवार और छत पर लोगों की नजर टिकी है। दीवार पर प्लास्टर के बाद पिंक रंग से पुताई की गई लग रही है, जबकि छत में पॉलीथिन शीट जैसा दिख रहा है। कुछ लोग इसे वॉलपेपर बता रहे हैं। अब तक आमतौर पर गांव में सीएम के आगमन पर घर के गेस्ट रूम की तस्वीरें ही सामने आती रही हैं, जिसे परिवार ने सजा रखा है।

सोशल मीडिया पर पहले लोगों ने मां के निधन पर शोक जताया, इसके बाद घर की सादगी पर बातें शुरू हो गईं। एक यूजर ने लिखा कि एक फोर्थ ग्रेड का कर्मचारी भी इससे बेहतर घर में रहता है, जबकि सीएम की मां ऐसे घर में रहीं, जिससे समझ आता है कि उन्होंने बेटे के पद का लाभ नहीं उठाया। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के परिवार अक्सर रौब में रहते हैं, लेकिन देश के सबसे बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री का परिवार जिस सादगी से रहता है, वह अलग मिशाल है।