श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर क्षेत्र में तीन नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपित 20 वर्षीय हरप्रीत को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस उसे श्रीगंगानगर लाई और अनूपगढ़ के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हरप्रीत गुरदासपुर जेल में फायरिंग के एक मामले में बंद था। उस पर आरोप है कि उसने पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर 24 अक्टूबर को अकाली कार्यकर्ता कैप्टन सिंह पर फायरिंग की थी।
पुलिस के मुताबिक, हरप्रीत रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन में पाकिस्तान में हुई बातचीत के सबूत मिले हैं।
