महाराष्ट्र के रहने वाले 28 वर्षीय हेमंत सपकाल की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह पेशे से कारपेंटर था और उज्जैन में दर्शन करने आया था। परिजनों ने हत्या और नरबलि की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि पैसों की वर्षा कराने का झांसा देकर हेमंत को अघोरी पूजा और टोने-टोटके के जाल में फंसाया गया था। हालांकि, पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर नरबलि की बात से इनकार किया है।
इंदौर पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में हेमंत एमजी रोड थाना क्षेत्र की एक बिल्डिंग में जाते दिखाई दिया। 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात वह इसी बिल्डिंग की ओर भागता हुआ नजर आया। इसके कुछ देर बाद वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। एमजी रोड थाना प्रभारी विजयसिंह सिसोदिया का कहना है कि युवक के शरीर पर चोट के ऐसे निशान नहीं मिले हैं, जिनसे हत्या की पुष्टि हो। फिर भी जांच जारी है।
वहीं, हेमंत के परिजनों ने उसकी मौत को सामान्य हादसा मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि हेमंत की तीन उंगलियां कटी हुई थीं। परिजनों ने विक्की नामक एक व्यक्ति पर संदेह जताते हुए उसकी भूमिका की जांच की मांग की है। उनका दावा है कि हेमंत ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया था कि कुछ गुंडे उसके पीछे लगे हैं और उसकी हत्या हो सकती है। इसी आधार पर परिजनों को आशंका है कि उसे किसी साजिश के तहत अघोरी पूजा और नरबलि के लिए फंसाया गया होगा।
