मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन की मौत शनिवार को हुई। पुलिस महानिरीक्षक थेमथिंग नगहसांग्वा के अनुसार, 18 नवंबर से चकपिकारोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों में लोग शराब पीने के बाद बीमार पड़ रहे हैं और अब तक करीब 600 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले में जहरीली शराब की आपूर्ति के कथित आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

नगहसांग्वा ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, आबकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने चंदेल के सुगनू और चकपिकारोंग में अस्पतालों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना और राहत कार्यों का जायजा लिया। मणिपुर सरकार ने घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की है, जो शराब के स्रोत, उसमें मौजूद रसायनों, मौतों के कारणों और प्रशासनिक लापरवाही से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी। समिति को एक महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है। मणिपुर पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और निरीक्षण अभियान चलाने, अवैध शराब जब्त करने तथा बिक्री केंद्रों और उत्पादन इकाइयों से नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने अस्पतालों में जाकर उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात की थी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस त्रासदी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की लापरवाही का नतीजा है। राहुल ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा प्रभावित परिवारों को बिना देरी उचित मुआवजा और हर संभव सहायता दी जानी चाहिए।

राहुल गांधी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मणिपुर की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले हिंसा ने सैकड़ों घरों को तबाह किया और अब जहरीली शराब लोगों के परिवारों को उजाड़ रही है, लेकिन सरकार अब भी सोई हुई है।