कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शनिवार को एक GST अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारी के खिलाफ ACB में शिकायत दर्ज होने के बाद यह कार्रवाई की गई। जगदलपुर ACB की टीम ने अधिकारी के आवास पर दबिश दी। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान अंचला गिरी के रूप में हुई है। रेड की भनक लगते ही अधिकारी के साथी इमरान मेमन ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। अधिकारी और उसके साथी दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।
शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज का नाम सामने आया है। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप के लिए जा रही थी। गाड़ी का बिल होने के बावजूद अंचला गिरी ने उसे रोक दिया और 10 लाख रुपये की पेनाल्टी मांगी, जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई।
कारोबारी के मुताबिक, अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपये की मांग की गई, बाद में डेढ़ लाख रुपये देने की बात तय हुई। इसमें से 50 हजार रुपये पेनाल्टी के तौर पर काटने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की बात कही गई। शिकायत के आधार पर ACB ने जांच की और शनिवार को कार्रवाई को अंजाम दिया।
