चमोली जिले के कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में दो उपजिलाधिकारियों ने सादगी के साथ विवाह किया। कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण (अल्मोड़ा) की एसडीएम याक्षी अरोड़ा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए। दोनों अधिकारी उत्तराखंड पीसीएस के 2023 बैच के हैं। दोनों परिवारों के चुनिंदा परिजनों की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी हुईं। पंडित नरेश पुजारी ने रस्में संपन्न कराईं। मंदिर की धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी स्थान पर मां भगवती उमा ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था और सप्त ऋषियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया था।
भिकियासैंण की एसडीएम याक्षी अरोड़ा उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र के जसपुर खुर्द की रहने वाली हैं। उन्होंने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस परीक्षा 2021 में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की थी और सातवीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम का पद हासिल किया। पढ़ाई में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। साल 2013 में उन्होंने उत्तराखंड बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में मेरिट लिस्ट में जगह बनाई थी। इसके बाद उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई की और गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने देहरादून के डीबीएस कॉलेज से एमएससी की डिग्री भी प्राप्त की है।
खास बात यह रही कि अलकेश नौडियाल ने 14 से 20 नवंबर तक आयोजित ऐतिहासिक गौचर मेले में मेलाधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। इस जिम्मेदारी को पूरा करने के बाद उन्होंने 21 नवंबर को विवाह करने का निर्णय लिया। मेले की जिम्मेदारी पूरी होने के बाद शादी की तैयारियां महज एक रात में की गईं और अगले दिन शनिवार को दोनों विवाह के बंधन में बंध गए। दोनों अधिकारियों ने आधुनिक चकाचौंध और भव्य आयोजन से दूर मंदिर परिसर में विवाह करने का फैसला किया और अपने निजी जीवन के इस खास अवसर को सादगीपूर्ण तरीके से मनाया।
