मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को दरभंगा दौरे पर 346.26 करोड़ रुपये की 105 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। जिलाधिकारी कौशल कुमार के अनुसार इनमें लगभग 330.08 करोड़ रुपये की 103 योजनाओं का उद्घाटन और 16 करोड़ रुपये की दो नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उद्घाटित होने वाली योजनाओं में ग्रामीण कार्य विभाग की सबसे अधिक परियोजनाएं हैं, जिनके तहत बिरौल, बेनीपुर, दरभंगा वन और दरभंगा टू प्रमंडलों में ग्रामीण सड़कें और आरसीसी पुल बनाए जाएंगे।
बुडको के अंतर्गत पीसीसी सड़क, नाला, घाट और नालों के ढक्कन बनाए जाएंगे। नगर निगम के वार्ड एक, चार, नौ, 15, 28, 34, 35 और 47 के अलावा बेनीपुर, जाले, कमतौल, बहेड़ी और बिरौल के शहरी क्षेत्रों में कार्य होंगे। योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत सिंहवाड़ा, मनीगाछी और जाले के विभिन्न गांवों में पंचायत सरकार भवन बनेंगे। लघु सिंचाई प्रमंडल बिरौल और घनश्यामपुर में उद्वह सिंचाई योजनाएं बनाएगा, जबकि घनश्यामपुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय पोहद्दी में तीन अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री रविवार को करीब एक घंटा 41 मिनट दरभंगा में रहेंगे। दोपहर एक बजे राज मैदान हेलीपैड पहुंचकर वे सड़क मार्ग से श्यामा माई मंदिर जाएंगे, जहां पूजा-अर्चना के बाद विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा होगी। इसके बाद ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर के नागेंद्र झा स्टेडियम में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीन दिवसीय आयोजन का उद्घाटन करेंगे।
समारोह के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री विभागीय स्टालों का निरीक्षण करेंगे और पात्र लाभुकों को लाभ वितरित करेंगे। इसके बाद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वे 2:41 बजे हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
