मथुरा: भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान के बाद आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहली बार वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने मंच से विरोधियों को खुली चुनौती दी। शास्त्री ने कहा कि हम अपने प्यारे टेढ़े-मेढ़े ठाकुर की नगरी में आ गए हैं और सभी ब्रजवासियों के चरणों में नाक रगड़कर दंडवत प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि वे बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए आए हैं, क्योंकि आज पूरी दुनिया में सिर्फ उन्हीं की चर्चा हो रही है। शास्त्री ने कहा कि हमें समझ आ गया कि उन्होंने यह लीला क्यों की।

श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हम ठाकुर जी के दर्शन और प्रार्थना के लिए आए हैं, साथ ही उन लोगों को देखने भी आए हैं, जो कुछ दिन के लिए कृष्ण भक्त बने घूम रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि वे कब आएंगे।

शास्त्री शनिवार को छटीकरा मार्ग स्थित मुरलीधर मानसिंहका गेस्ट हाउस में महावीर मानसिंहका के 100वें वर्ष में प्रवेशोत्सव के समारोह में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हम इसी लिए आए हैं कि ठाकुर जी के दर्शन तो करेंगे ही, साथ ही ठाकुर जी से कहेंगे कि जरा उन्हें एक खुजली और लगा दें। एक खुजली तो लग गई कि वे ठाकुर जी के भक्त बन गए।

शास्त्री ने कहा कि बाबा बागेश्वर के पुतले फूंक लिए हों, कालिया की पोस्ट डाल ली हो, तो अब बांके बिहारी जी के पास भी आ जाओ। थोड़ा काम मैदान में भी कर लो, थोड़ा मथुरा चलो, औरंगजेब वाला जो कलंक लगा है, उसके लिए भी एक पोस्ट लिख दो।