उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को पहला विशेष अभियान दिवस मतदान केंद्रों पर आयोजित किया गया। लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांचा और जिनके नाम सूची में नहीं थे, उन्होंने मतदाता बनने के लिए फॉर्म भरे। यह अभियान रविवार को भी जारी रहेगा।

सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 से शाम चार बजे तक ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ ही मतदाता बनने, नाम हटवाने और संशोधन कराने के फॉर्मों के साथ मौजूद रहेंगे। एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया 16 दिसंबर तक चलेगी।

मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष अभियान दिवस 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को भी आयोजित होंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को विशेष अभियान दिवसों का आयोजन व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने की अपील की। कहा कि नाम नहीं होने पर पंजीकरण के लिए फॉर्म-छह, नाम हटाने व आपत्ति के लिए फॉर्म-सात और संशोधन के लिए फॉर्म-आठ भरकर आवेदन करें।

शनिवार को विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। संयुक्त मुख्य निर्वाचन आयुक्त अमित सिंह ने बाराबंकी और गरिमा स्वरूप ने आगरा में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार ने जालौन तथा विशेष कार्याधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने अयोध्या में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।