महाराष्ट्र के बीड जिले में चोरी के शक में दो व्यक्तियों को ट्रैक्टर से बांधकर पाइप से पीटे जाने की घटना सामने आई है। पिटाई से 38 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर बीड तहसील के वांगांव में हुई। मृतक संभाजी विश्वनाथ सरुक और हर्ष विकास जाधव धाराशिव जिले की वाशी तहसील के नंदगांव के रहने वाले हैं। दोनों मुकदम अशोक कागडे की एक पुरानी टू-व्हीलर देखने के लिए वहां आए थे।
अधिकारी ने बताया कि कागडे के घर पर मौजूद चार लोगों को शक हुआ कि इन दोनों ने 50,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चुराया है। आरोप है कि उन्होंने सरुक को ट्रैक्टर के हल से और जाधव को उसके ड्रॉबार से बांधकर दोनों को पाइप से बुरी तरह पीटा। सरुक के बेहोश होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमलावरों के जाने के बाद जाधव ने सरुक के मोबाइल फोन से अपनी मां को फोन कर पूरी घटना बताई। एक घंटे के भीतर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाकर धाराशिव जिले के तेरखेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चोटों के कारण सरुक की मौत हो गई। अधिकारी के अनुसार, सोमवार को येरमाला पुलिस ने नेकनूर पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
