पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की समयसीमा चुनाव आयोग ने दूसरी बार बढ़ा दी है। शुक्रवार को जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची 15 दिसंबर को प्रकाशित होगी और अंतिम मतदाता सूची 8 फरवरी 2027 को जारी की जाएगी।

नए कार्यक्रम के मुताबिक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 3 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद ड्राफ्ट सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक चलेगी। इनका निपटारा 1 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।

इस बीच चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े लंबित मामलों पर पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट की है। आयोग के अनुसार, जिन मामलों में न्यायिक अधिकारियों ने फैसला नहीं दिया है, उन्हें उचित निर्णय के लिए मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO) के पास भेजा जाएगा। जिन मामलों में फैसला हो चुका है लेकिन ई-सिग्नेचर लंबित है, उन्हें निर्णय हो चुका मामला माना जाएगा।

आयोग ने कहा कि जिन मतदाताओं को न्यायिक अधिकारियों ने सूची से हटाया है और जिन्होंने ट्रिब्यूनल में अपील नहीं की है, उनके मामलों में कोई कार्रवाई जरूरी नहीं है। ट्रिब्यूनल में लंबित अपीलों को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार प्राथमिकता से निपटाया जाना चाहिए। आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि अपील लंबित रहने तक संबंधित व्यक्ति के Form 6 आवेदन पर कार्रवाई न की जाए, जबकि ट्रिब्यूनल के बाहर रखने के फैसले को लागू किया जाएगा।